हिमाचल का बजट आज, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे पेश, आर्थिक चुनौतियों के बीच जनता को बड़ी उम्मीदें

 


शिमला, 21 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज शनिवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री बतौर वित्त मंत्री अपने कार्यकाल का लगातार चौथा बजट पेश करने जा रहे हैं। इस बार का बजट इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि एक ओर राज्य आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारी, पेंशनर, महिलाएं और युवा वर्ग इस बजट से राहत और नई घोषणाओं की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश पर इस समय एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है। इसके अलावा केंद्र सरकार से मिलने वाला करीब 10 हजार करोड़ रुपये का राजस्व घाटा अनुदान बंद हो चुका है। साथ ही राज्य की कर्ज लेने की सीमा भी सकल घरेलू उत्पाद के 5 प्रतिशत से घटाकर 3 प्रतिशत कर दी गई है। ऐसे में सरकार के सामने आय बढ़ाने और खर्चों को संतुलित रखने की बड़ी चुनौती है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पहले ही संकेत दे चुके हैं कि सरकार वित्तीय अनुशासन पर जोर देगी और नए संसाधन जुटाने के प्रयास करेगी। हाल ही में सरकार ने सलाहकारों, बोर्डों और निगमों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से कैबिनेट रैंक वापस लेने और उनकी सैलरी में छह महीने के लिए 20 प्रतिशत कटौती जैसे फैसले भी किए हैं। इसे खर्च कम करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

इस बीच सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर भी लोगों की नजरें बजट पर टिकी हैं। महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को लागू करने के लिए बड़े वित्तीय संसाधनों की जरूरत होगी। ऐसे में यह बजट सरकार के लिए संतुलन बनाने की परीक्षा भी माना जा रहा है।

युवा वर्ग सरकारी नौकरियों और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद कर रहा है। वहीं कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते और अन्य वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर राहत की आस लगाए हुए हैं।

पिछले वर्ष मुख्यमंत्री ने 2025–26 के लिए करीब 58 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। बाद में अनुपूरक बजट के जरिए इसमें करीब 40 हजार करोड़ रुपये की और बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार का बजट आकार भी बड़ा रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा