स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में जान गंवाने वाले युवक का परिवार मुख्यमंत्री से मिला, न्याय की उठाई मांग

 




शिमला, 20 जुलाई (हि.स.)। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में हाल ही में जान गंवाने वाले हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के युवक आदित्य शर्मा के परिवार ने मामले में न्याय दिलाने की मांग की है। आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने सोमवार को शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उनसे इस मामले को केंद्र सरकार के सामने उठाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के रहने वाले राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि आदित्य शर्मा की असामयिक मौत के मामले में अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने और परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग की मांग की।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शोकग्रस्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह आदित्य शर्मा की मौत का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे, जिससे परिवार को न्याय मिल सके।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आदित्य शर्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। इस दौरान आदित्य शर्मा की माता सुषमा शर्मा भी मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा