माजरा में सड़क हादसा, पैदल यात्री की मौत, वाहन चालक फरार

 

नाहन, 15 जून (हि.स.)। पुलिस थाना माजरा क्षेत्र में रविवार बीती देर रात हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीती रात करीब 12:30 बजे क्यारदा क्षेत्र के समीप महावीर जिम, नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। यह जानकारी ट्रक चालक मनीष कुमार पुत्र जोगिन्द्र, निवासी गांव जोहड़ों, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने पुलिस को दी।

जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो घटनास्थल पर एक अज्ञात घायल व्यक्ति सड़क पर पड़ा मिला। उसके सिर, मुंह, कान, पेट और एड़ी पर गंभीर चोटें थीं। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति व लापरवाही से पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना माजरा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में जानकारी हो या घटना के समय कोई वाहन तेज गति से जाता देखा हो तो तुरंत थाना माजरा में संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर