शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाए इतिहास सोसायटी एवं मीडिया क्लब: आचार्य ललित कुमार अवस्थी

 


मंडी, 22 अगस्त (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग की इतिहास सोसायटी एवं मीडिया क्लब के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी से भेंट की। इस अवसर पर सोसायटी की अध्यक्ष मनीषा तथा उपाध्यक्ष लखविंदर ने कुलपति को इतिहास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अकादमिक, शोध, सह-पाठ्यक्रम, सांस्कृतिक एवं मीडिया संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने इतिहास विभाग की अकादमिक एवं अन्य गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयत्नशील रहें तथा ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कार्यों को उत्कृष्टता तक पहुंचाने का प्रयास करें।

इस अवसर पर इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी का निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुलपति के मार्गदर्शन से विभागीय अकादमिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नई दिशा मिली है। विभाग विद्यार्थियों को शोध, नेतृत्व, मीडिया, डिजिटल तकनीक एवं रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भविष्य में भी विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों को और विस्तार देने का विश्वास व्यक्त किया। इतिहास सोसायटी एवं मीडिया क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कुलपति के साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं विद्यार्थी हित से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा