हिंदी माह : हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

 


मंडी, 01 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय महाविद्यालय पनारसा में हिंदी माह का आयोजन किया जा रहा है। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पूरे माह विभिन्न कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। हिंदी माह का शुभारंभ महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. पूजा शर्मा की की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर इतिहास विभाग के प्रोफेसर, पुस्तकालयाध्यक्ष बिंदु सूर्यवंशी तथा प्रोफेसर अनीता सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। हिंदी माह के प्रथम दिवस पर सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, उसके व्यापक स्वरूप तथा दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया। हिंदी माह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए सुलेख प्रतियोगिता, अंताक्षरी प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय द्वारा विभिन्न संस्थानों के साथ किए गए समझौता ज्ञापनों के अंतर्गत विशेष रचनात्मक कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। हेरिटेज फाउंडेशन, पुणे के साथ एमओयू के अंतर्गत ऑनलाइन कैलिग्राफी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। जिसमें विद्यार्थियों को कैलिग्राफी की विभिन्न तकनीकों एवं उसकी रचनात्मक संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

इसी प्रकार हिमतरु प्रकाशन के साथ एमओयू के अंतर्गत कहानी लेखन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला के अंतिम चरण में विद्यार्थियों द्वारा लिखी गई सर्वश्रेष्ठ कहानियों का पाठ किया जाएगा तथा चयनित कहानियों को प्रकाशन के लिए चुना जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक लेखन प्रतिभा को विकसित करने के साथ-साथ अपनी रचनाओं को प्रकाशन के माध्यम से व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। हिंदी भाषा और साहित्य के इतिहास तथा उसके विकास पर किए गए महत्वपूर्ण कार्यों पर आधारित एक विशेष फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कहानी एवं कविता लेखन के उन्नत प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को और अधिक विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। हिंदी माह की इन गतिविधियों की विशेषता यह रहेगी कि प्रतिदिन खाली कक्षाओं में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि महाविद्यालय के केवल हिंदी विषय के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विषय एवं संकाय के विद्यार्थी इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य से जोड़ना तथा हिंदी के विकास में उनकी रचनात्मक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

हिंदी माह के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 29 सितंबर को हिंदी माह का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे माह आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा