30 सितंबर तक बनवाएं अपने परिवार के हिमकेयर कार्ड
हमीरपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित स्वास्थ्य योजना हिमकेयर के अंतर्गत पंजीकृत सरकारी अस्पताल में भर्ती होने पर परिवार को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। हिमकेयर के तहत स्मार्ट कार्ड लोकमित्र केंद्रों, साइबर कैफे या आवेदक स्वयं www.hpsbys.in वेबसाइट के माध्यम से बनवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर, लिखित वचनपत्र और श्रेणी प्रमाणपत्र अपलोड करने के साथ निर्धारित प्रीमियम का भुगतान करना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर ने बताया कि हिमकेयर योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के आधार पर प्रीमियम की दरें निर्धारित की गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि अब नए कार्ड का पंजीकरण वर्ष में केवल मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर माह में ही किया जाएगा। 1 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक नए कार्ड के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा कार्ड का नवीनीकरण भी 30 सितंबर, 2026 तक करवाया जा सकता है। इन कार्डों की वैधता एक वर्ष के लिए होगी।
योजना के अंतर्गत लोकमित्र केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर में नामांकन और दस्तावेज अपलोड करवाने के लिए लाभार्थियों से ।प्रीमियम लिया जाएगा
पहली श्रेणी: बीपीएल परिवार, मनरेगा श्रमिक और पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वाले लाभार्थी बिना किसी प्रीमियम के अपना हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं।
दूसरी श्रेणी: एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग व्यक्ति, दैनिक भोगी, संविदा कर्मचारी, अंशकालिक कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी 365 रुपये का प्रीमियम देकर अपना हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं।
तीसरी श्रेणी: जो लाभार्थी पहली और दूसरी श्रेणी में शामिल नहीं हैं तथा सरकारी कर्मचारी, पेंशनर या उनके आश्रित परिवार के सदस्य नहीं हैं, वे 1,000 रुपये का प्रीमियम देकर अपना हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त 50 रुपये का सेवा शुल्क लिया जाएगा।
योजना में विभिन्न प्रकार की सामान्य और गंभीर बीमारियों को शामिल किया गया है। लाभार्थी प्रदेश में हिमकेयर योजना के अंतर्गत पंजीकृत सरकारी अस्पतालों के अलावा पंजीकृत निजी अस्पतालों में भी निःशुल्क उपचार करवा सकते हैं। निजी अस्पतालों में यह सुविधा केवल डायलिसिस मरीजों के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स बिलासपुर में भी इस कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला