नेकी के कार्य में बाधा बने स्वास्थ्य महकमें के अधिकारी, संस्था के रक्तदान शिविर के लिए नहीं है गाड़ी की सुविधा

 


मंडी, 21 मार्च (हि.स.)। हिमालयन ब्लड डोनर संस्था को रक्तदान शिविर आयोजित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसका कारण है कि जिला का स्वास्थ्य महकमा रक्तदान शिविर में सेवाएं देने वाली अपनी ही टीम के लिए गाड़ी तक मुहैया नहीं करवा पा रहा है। इस मुद्दे को करीब डेढ साल पहले संस्था ने डीसी मंडी के समक्ष भी उठाया था। जिसके बाद आगामी कुछ शिविरों के लिए गाड़ी मिलती रही, लेकिन अब फिर से विभाग ने गाड़ी भेजना बंद कर दिया है। आज संस्था का मंडी जिला के गुटकर में 107वां कैंप आयोजित हो रहा है, जिला मुख्यालय से मात्र 5-7 किलोमीटर की दूरी पर यह शिविर चल रहा है। लेकिन शिविर से ठीक एक दिन पूर्व सीएमओ मंडी के कार्यालय से संस्था को पहुंची ईमेल में संस्था को स्वयं ही गाड़ी की व्यवस्था करने की बात कह दी जाती है। इन्हीं कुछ आरोपों के साथ आज हिमालयन ब्लड़ डोनर संस्था के पदाधिकारी जिला मुख्यालय मंडी पहुंचे और आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से अपनी बात रखी।

इस मौके पर संस्था के सदस्य सुरेश ठाकुर ने बताया कि यह संस्था साल 2018 से जिला के सुंदरनगर से चलायी जा रही है। जिसके साथ आज प्रदेश से हजारों स्वयं सेवक युवा जुड़ चुके है और अपनी स्वेच्छा से हर समय रक्तदान के लिए तत्पर रहते है। इसके अलावा संस्था साल में 20 से 25 रक्तदान शिविर भी आयोजित करवाती है। लेकिन पिछले 2 सालों से स्वास्थ्य विभाग मंडी के अधिकारी संस्था के रक्तदान शिविरों के लिए गाड़ी मुहैया नहीं करवा पा रहे हैं। जिससे संस्था पर शिविर करवाने के लिए गाड़ी का अतिरक्ति बोझ पड़ रहा है। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग मंडी ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रत्र देने से भी अपने हाथ पीछे खींच लिए है।

उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि बिना किसी सरकारी मदद से यह संस्था कई सालों से निंरतर अपना सहयोग कर रही है। इसके बावजूद एक गाड़ी तक के लिए विभाग द्वारा हाथ खड़े कर देना, सही नहीं है। विभाग का यदि ऐसे ही चलता रहा तो आने वाले समय में संस्था को रक्तदान शिविर कैंप बंद करने होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संस्था द्वारा प्रदेश सरकार के समक्ष भी रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा