हिमाचल में सूखी ठंड से बढ़ी परेशानी, तीन जगह माइनस में पारा

 




शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी न होने से सूखी ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के तीन प्रमुख क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। यहां कड़ाके की ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोतों और नालों का पानी जमने लगा है। सूखी ठंड से बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने का खतरा भी बढ़ रहा है। सोमवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। पालमपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम होकर 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नाहन में यह सामान्य से 2.4 डिग्री कम होकर 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह मंडी में तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम होकर 6.7 डिग्री, चंबा में 0.7 डिग्री कम होकर 6.0 डिग्री और कांगड़ा में 0.6 डिग्री कम होकर 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश के ऊंचाई वाले और जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में यह माइनस 2.0 डिग्री और ताबो में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इन इलाकों में तापमान शून्य से नीचे रहने के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री, मनाली में 2.6 डिग्री, सियोबाग में 3.0 डिग्री और बजौरा में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य शहरों के तापमान पर नजर डालें तो भुंतर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री, सोलन में 5.0 डिग्री, सुंदरनगर में 5.6 डिग्री और बरठीं में 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कुफरी में 6.8 डिग्री, शिमला और ऊना में 7.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। धर्मशाला में यह 10.2 डिग्री, नेरी में 13.1 डिग्री, सराहन में 14.7 डिग्री और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप खिल रही है। इसके बावजूद रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम की ठिठुरन से सर्दी का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान किसी भी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। ऐसे में फिलहाल लोगों को सूखी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा