हिमाचल दिवस समारोह : मुख्यमंत्री किन्नौर में करेंगे ध्वजारोहण, जिलों में मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
शिमला, 08 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश का राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह इस वर्ष 15 अप्रैल को किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे, जबकि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने शिमला में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार राज्य स्तरीय आयोजन जनजातीय क्षेत्र किन्नौर में करने का उद्देश्य दूरदराज़ क्षेत्रों तक विकास और भागीदारी का संदेश पहुंचाना है।
हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में भी जिला स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे और विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की जिम्मेदारी मंत्रियों तथा वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सौंपी गई है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया हमीरपुर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिमला में जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल बिलासपुर में, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित समारोहों में ध्वजारोहण करेंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर उना में, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी में तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी चंबा में जिला स्तरीय समारोहों में भाग लेंगे।
इसी प्रकार आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर. एस. बाली सोलन में तथा विधायक सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में ध्वजारोहण करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा