इंजीनियरिंग कालेज कांगड़ा के प्रशिक्षुओं ने किया हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी का भ्रमण

 


मंडी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज कांगड़ा के आर्किटेक्ट का प्रशिक्षण ले रहे 24 प्रशिक्षु मंडी में शैक्षिक भ्रमण के दौरान हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी पहुंचे। मंडी के बिंदरावणी से फोरलेन के कारण दो बार उजड़ चुकी हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी जो वर्तमान में पिछले 8 महीनों से जिले की बल्ह घाटी के गांव मलोरी बैहना किराए के भवन में चलाई जा रही है, में ये प्रशिक्षु अपने प्रशिक्षकों आर्किटेक्ट कल्पना ठाकुर व आर्किटेक्ट विदिशा बरवाल के मार्गदर्शन में फोटो गैलरी व संग्रहालय पहुंचे ने बड़ी गहराई के साथ हर छायाचित्र के बारे में जानकारी ली।

विशेषकर प्रदेश के इतिहास, पहाड़ी शैली के विभिन्न तरह के निर्माण व पुरातत्व के बारे में जानकारी हासिल की। गैलरी के संस्थापक छायाकार बीरबल शर्मा ने उनके जिज्ञासा भरे सवालों के जवाब दिए व विस्तार से उनके बारे में बताया। इन प्रशिक्षुओं ने गैलरी को ज्ञान का खजाना व अद्भुत बताते हुए कहा कि वह खुद तो बार बार यहां आना ही चाहेंगे बल्कि अपने सभी जानने वालों को भी यहां का एक बार जरूर भ्रमण करने का आग्रह करेंगे। प्रशिक्षुओं ने गैलरी परिसर में स्थापित हेरिटेज पुस्तकालय की पुस्तकों का अवलोकन भी किया तथा प्राचीन वस्तुओं पर आधारित संग्रहालय में भी गहरी दिलचस्पी दिखाई। इसके लिए उन्होंने संस्थापकों का आभार भी जताया कि एक ही जगह पर बहुमूल्य जानकारी उपलब्ध करवा दी गई।

कल्पना ठाकुर व विदिशा बरवाल ने बताया कि यह उनका पांच दिवसीय शैक्षिक भ्रमण था जिसमें उन्होंने स्थानीय पर्यावरण, स्थापत्य शैली, सामुदायिक स्पेशस, संस्कृति एवं प्राचीन धरोहरों के बारे में जानकारी हासिल की गई। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने विविध सर्वे व अध्ययन करने के साथ साथ इन विषयों पर स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। उनके अनुसार फोटो गैलरी में उन्हें प्रदेश की संस्कृति, कला, इतिहास, परंपराओं व अन्य तरह की जानकारी उपलब्ध हुई जो एक बेहतरीन अनुभव रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा