पुलिस भर्ती में हाई जंप की प्रक्रिया को लेकर युवाओं ने जताया एतराज
मंडी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती में हाई जंप की प्रक्रिया को लेकर युवाओं ने अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी है। युवाओं ने एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया और एसपी मंडी विनोद कुमार से मुलाकात कर हाई जंप को डबल फुट के माध्यम से करवाने की मांग रखी। युवाओं का कहना है कि वर्ष 2025 की पुलिस भर्ती में हाई जंप डबल फुट के आधार पर करवाया गया था, जिसके अनुसार उन्होंने अपनी शारीरिक परीक्षा की तैयारी की है। ऐसे में अब प्रक्रिया में बदलाव होने की स्थिति में लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने भर्ती की तैयारी में काफी समय और मेहनत लगाई है। इसलिए हाई जंप की प्रक्रिया में बदलाव करने के बजाय पूर्व में अपनाई गई प्रक्रिया के अनुसार डबल फुट से हाई जंप करवाया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के अनुरूप अवसर मिल सके।
युवाओं ने एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया और एसपी मंडी विनोद कुमार के समक्ष अपनी मांग रखते हुए इस मामले में उचित कार्रवाई का आग्रह किया। युवाओं ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्या को संबंधित स्तर पर उठाकर अभ्यर्थियों के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा