मंडी बल्ह के बड़सू की निशा ठाकुर बनीं हिमाचल अचीवर

 


मंडी, 16 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला की बल्ह घाटी के बड़सू गांव की निशा ठाकुर को उनके बेहतरीन सामाजिक कार्यों के लिए हिमाचल अचीवर अवार्ड से नवाजा गया है। हाल ही में गेयटी थियेटर शिमला में डी डॉलफिन द्वारा निशा ठाकुर को हिमाचल अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया। निशा ठाकुर बरोट स्कूल में हिंदी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। वह ऑनलाइन शिक्षण के कार्य के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका कहना है कि सामाजिक कुरीतियों को समाप्त तभी किया जा सकता है जब समाज में सभी लोग एकजुट होकर काम करेंगे। वर्तमान समय में युवाओं को नशे से बचाना बेहद जरूरी है। यह आज समय की माँग भी है।

उन्होंने कोरोना काल में बच्चों को ऑनलाइन शिक्षण यू ट्यूब के माध्यम से सबसे पहले पहले हिंदी भाषा का शिक्षण करवाकर शिक्षा जगत में अपनी अहम पहचान बनाई थी। आज भी ऑनलाइन शिक्षण के साथ-साथ समाज हित में विभिन्न कार्य करती हैं। निशा को उनके द्वारा समाज हित में किए जा रहे नेक कार्यों के लिए उत्कृष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। निशा द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए उनकी सराहना की। निशा ने सम्मान के लिए डी डॉलफिन समिति का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा