शिमला में बच्चों में बढ़ रहे हेपेटाइटिस के मामले, 11 बच्चे अस्पताल में भर्ती

 

शिमला, 23 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में बच्चों में वायरल हेपेटाइटिस के मामले बढ़ने लगे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मई महीने में दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल में अब तक 11 बच्चों को हेपेटाइटिस जैसे लक्षणों के कारण भर्ती किया गया है। इनमें से 7 बच्चों में हेपेटाइटिस-ए की पुष्टि हुई है। कुछ अन्य बच्चों का इलाज ओपीडी में भी किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने बताया कि पिछले एक महीने से धीरे-धीरे मामले सामने आ रहे हैं। लगभग हर दिन या एक दिन छोड़कर एक नया मामला सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी एक इलाके से ज्यादा मामले नहीं मिले हैं और प्रभावित बच्चे अलग-अलग क्षेत्रों से हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में टीमें भेजी हैं। विभाग पीने के पानी और सफाई व्यवस्था की जांच कर रहा है और लोगों को बीमारी से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

डॉ. रांटा ने बताया कि हेपेटाइटिस-ए और ई गंदे पानी, दूषित भोजन और खराब साफ-सफाई के कारण फैलते हैं। उन्होंने लोगों से साफ और उबला पानी पीने, हाथ साफ रखने और खुले में बिकने वाले कटे फल या अस्वच्छ भोजन से बचने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कहा है कि अगर बुखार, उल्टी, पेट दर्द, पीलिया या पेशाब का रंग गहरा होने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा