112 हेल्पलाइन पर मदद की पुकार, कल्पा में रास्ता भटके दो लोगों को पुलिस ने बचाया

 


शिमला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा क्षेत्र में रास्ता भटकने के बाद फयूल रिट्रीट के पास फंसे दो लोगों को हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। दोनों लोगों के बारे में सूचना आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस-112) के माध्यम से पुलिस तक पहुंची थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार ईआरएसएस-112 हेल्पलाइन पर एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसका दोस्त कल्पा के फयूल रिट्रीट के पास रास्ता भटक गया है। सूचना मिलने के बाद ईआरएसएस-112 के माध्यम से मामले की जानकारी पुलिस थाना रिकांगपिओ को दी गई। इसके बाद पुलिस चौकी कल्पा की टीम ने दोनों लोगों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में खोज अभियान चलाकर दोनों लोगों को तलाश लिया। समय पर की गई कार्रवाई और स्थानीय पुलिस के समन्वित प्रयासों से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों लोगों को किसी तरह की गंभीर परेशानी होने की सूचना नहीं है।

हिमाचल पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि इस अभियान में ईआरएसएस-112 और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से समय पर मदद पहुंचाने में सहायता मिली। पहाड़ी और दूरदराज के क्षेत्रों में रास्ता भटकने या किसी अन्य आपात स्थिति में यह व्यवस्था लोगों तक पुलिस सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण है।

पुलिस ने नागरिकों और प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, परेशानी, रास्ता भटकने या तत्काल पुलिस सहायता की जरूरत होने पर तुरंत ईआरएसएस-112 हेल्पलाइन से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा