हिमाचल के छह वीर सपूतों को वीरता पुरस्कार मिलने पर अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
हमीरपुर, 09 जून (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा वीरता पुरस्कारों से सम्मानित हिमाचल प्रदेश के छह वीर सपूतों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन सैनिकों ने अपने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
अनुराग ठाकुर ने स्क्वाड्रन लीडर अर्शदीप सिंह ठाकुर को वीर चक्र, मेजर अंशुल बाल्टू को शौर्य चक्र, कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर को शौर्य चक्र, लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर को शौर्य चक्र, नायब सूबेदार सतीश कुमार को वीर चक्र तथा अमर बलिदानी लांस दफादार बलदेव चंद को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर उन्हें और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी कहा जाता है। छोटा राज्य होने के बावजूद देश की सुरक्षा और अखंडता में यहां के युवाओं का योगदान सदैव अग्रणी रहा है। 8 जून, 2026 की संध्या प्रदेश के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुई, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल के छह वीर सपूतों को उनके असाधारण साहस और राष्ट्रसेवा के लिए वीर चक्र एवं शौर्य चक्र से अलंकृत किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चार शौर्य चक्र और दो वीर चक्र से सम्मानित होने का यह गौरवपूर्ण क्षण पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान केवल सैनिकों और उनके परिवारों का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का सम्मान है। इन वीर जवानों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और समर्पण का परिचय देकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के वीर सैनिकों की गौरवशाली परंपरा सदैव देश की रक्षा के लिए समर्पित रही है। प्रदेश के युवाओं में सेना के प्रति समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति की भावना आज भी उतनी ही मजबूत है, जिसका प्रमाण इन वीरता पुरस्कारों के रूप में पूरे देश के सामने आया है।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने समीरपुर स्थित अपने आवास पर पूर्व सैनिकों एवं रक्षा सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों से भी मुलाकात की और देश सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव, त्याग और समर्पण से समाज और युवा पीढ़ी निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा