हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई से शिमला बस को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना 

 


नाहन, 06 अप्रैल (हि.स.)। उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शिलाई से शिमला वाया पांवटा साहिब के लिए रवाना किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों से उद्योग मंत्री का भव्य स्वागत किया।उद्योग मंत्री ने यात्रियों के साथ शिलाई से कफोटा तक बस में यात्रा की।

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई से शिमला बस क्षेत्रवासियों की बहुत पुरानी माँग थी, जिसके लिए उन्होंने उपमुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश मुकेश अग्निहोत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने शिलाई विधानसभा का दौरा किया था। इस दौरान उनसे शिलाई से शिमला, शिलाई से हरिद्वार तथा शिलाई से चंडीगढ़ हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा आरम्भ करने का आग्रह किया गया था। जिसके फलस्वरूप आज शिलाई से शिमला बस का शुभारंभ किया गया है। उद्योग मंत्री ने कहा कि जल्द ही बसों की उपलब्धता सुनिश्चित होने पर अन्य बसों को भी आरंभ किया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दूर-दराज़ क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस बस सेवा के शुरू होने से शिलाई तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों को शिमला तक सीधा और सुगम संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे यात्रियों के समय की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि शिलाई से शिमला वाया पांवटा साहिब चलने वाली यह बस सेवा स्थानीय निवासियों सहित विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास में सकारात्मक योगदान मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर