हारमनी ऑफ द पाइन्स के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित

 

शिमला, 13 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल पुलिस की वर्दी और संगीत को एक साथ नई पहचान देने वाला 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' ऑर्केस्ट्रा इस बार अपनी प्रस्तुति नहीं बल्कि अपने प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार पर हुई कार्रवाई के कारण सुर्खियों में है। देश-विदेश के मंचों पर हिमाचल पुलिस का प्रतिनिधित्व कर चुके इंस्पेक्टर विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ नियमित विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है, जिन्हें तीन महीने के भीतर रिपोर्ट देनी होगी।

जानकारी के अनुसार मामला निजी संगीत गतिविधियों और सोशल मीडिया मंचों से हुई आय से जुड़ा है। हालांकि विभाग ने कार्रवाई की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने कार्रवाई से पहले इंस्पेक्टर विजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उनसे पूछा गया था कि निजी म्यूजिक एल्बम तैयार करने, उनके प्रकाशन और प्रचार के लिए क्या उन्होंने सक्षम प्राधिकारी से पहले अनुमति ली थी। उनसे यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों से हुई आय का पूरा विवरण भी मांगा गया था। साथ ही यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि किस नियम या विभागीय प्रावधान के तहत उन्हें ऐसी गतिविधियां करने की अनुमति थी। इंस्पेक्टर विजय कुमार ने 3 जुलाई को अपना जवाब दिया, लेकिन विभाग ने उसे संतोषजनक नहीं माना। विभाग के अनुसार न तो पूर्व अनुमति से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और न ही सोशल मीडिया तथा निजी संगीत गतिविधियों से हुई आय का पूरा ब्योरा दिया गया।

विभागीय आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला पंजाब पुलिस नियमावली के नियम 14.33 और हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 86 और 87 के उल्लंघन का प्रतीत होता है। इसे गंभीर कदाचार मानते हुए नियमित विभागीय जांच शुरू की गई है। जांच के दौरान किसी गवाह पर प्रभाव न पड़े, इस आधार पर इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रथम एचपीएपी बटालियन, जुन्गा रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 1996 में शुरू हुआ 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' ऑर्केस्ट्रा पुलिस कर्मियों के तनाव को कम करने की पहल के रूप में बना था। छह सदस्यों से शुरू हुआ यह बैंड आज 17 सदस्यों का हो चुका है और कनाडा, सिंगापुर, अमेरिका तथा दुबई सहित कई देशों में प्रस्तुति दे चुका है। टीवी रियलिटी शो 'हुनरबाज: देश की शान' में भाग लेने के बाद इस बैंड को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा