35.70 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार, 85 हजार नकद बरामद
नाहन, 28 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिरमौर पुलिस के डिटेक्शन सेल ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
सोमवार, 27 अप्रैल को डिटेक्शन सेल की टीम मोगीनंद क्षेत्र में गश्त कर रही थी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए गुप्त सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोगीनंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास एक व्यक्ति युवाओं और औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों को चिट्टा बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर संदिग्ध को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कुशविन भाटिया उर्फ चंदू (27), निवासी दर्शन नगर कॉलोनी, नारायणगढ़ रोड, काला अंब (हरियाणा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35.70 ग्राम हेरोइन और नशे की बिक्री से अर्जित 85,620 रुपये की नकदी बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और लंबे समय से नाहन व कालाअंब क्षेत्र में सक्रिय था। वह हरियाणा सीमा से सटे इलाकों में युवाओं को नशे की लत लगाकर अपना अवैध कारोबार चला रहा था।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर