मंडी जेल में आठ दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम का सफल आयाेजन

 


मंडी, 30 जून (हि.स.)। आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में मंडी जिला कारागार में 22 जून से प्रारंभ हुआ आठ दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में लगभग 150 महिला एवं पुरुष बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सुदर्शन क्रिया, योग तथा ध्यान का प्रशिक्षण दिया गया। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडी जेल में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा योग सत्र आयोजित किया गया था। उसके बाद जेल प्रशासन, विशेष रूप से जेल अधीक्षक की इच्छा पर बंदियों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए हैप्पीनेस प्रोग्राम आयोजित किया गया, ताकि उनके जीवन से नकारात्मकता दूर होकर उनमें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं मानसिक शांति का विकास हो सके।

आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा संचालित इस शिविर में बंदियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। सुदर्शन क्रिया एवं ध्यान के अभ्यास के बाद प्रतिभागियों के चेहरे पर प्रसन्नता, आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद से देशभर की विभिन्न जेलों में इस प्रकार के निःशुल्क कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा