गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर नाहन के दशमेश गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन, छबील और लंगर का आयोजन
नाहन, 18 जून (हि.स.)। सिख धर्म के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव जी का जीवन करुणा, शांति, सेवा और मानवता के मूल्यों को समर्पित रहा। धर्म और सत्य की रक्षा के लिए उन्होंने लाहौर में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे सिख समाज शहीदी दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाता है।
इसी अवसर पर वीरवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन स्थित ऐतिहासिक दशमेश गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक एवं सेवा संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही श्रद्धालुओं द्वारा शब्द-कीर्तन किया जा रहा है। इसके अलावा गुरुद्वारा परिसर के बाहर राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए ठंडे एवं मीठे पानी की छबील लगाई गई है, जहां लोगों को जल सेवा प्रदान की जा रही है।
शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में लंगर का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
दशमेश गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई लछमण सिंह ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर विशेष कीर्तन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मीठे पानी की छबील और लंगर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों की तैयारियां मंगलवार से ही शुरू कर दी गई थीं और बुधवार सुबह से धार्मिक कार्यक्रम लगातार जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर