अर्जुन सिंह कौंडल चौथी बार बने ग्राम पंचायत सुलपुर जबोठ के प्रधान

 


मंडी, 02 जून (हि.स.)। मंडी जिला की ग्राम पंचायत सुलपुर जबोठ के अनुभवी एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि अर्जुन सिंह कौंडल ने एक बार फिर जनता का विश्वास जीतते हुए प्रधान पद का चुनाव जीत लिया है। इसके साथ ही वह चौथी बार ग्राम पंचायत सुलपुर जबोठ के प्रधान बने हैं। विशेष बात यह है कि 72 वर्ष की आयु में अर्जुन सिंह कौंडल ने अपना पांचवां चुनाव जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस जीत से समर्थकों और पंचायत क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।

अर्जुन सिंह कौंडल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1992 में बीडीसी चुनाव जीतकर की थी उस समय 85 प्रतिशत मत लेकर प्रदेश चर्चा का विषय रहा था। इसके बाद उन्होंने लगातार जनसेवा और विकास कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई। वह दो बार आरक्षित सीट से प्रधान बने तथा दो बार अनारक्षित सीट पर भी विजय प्राप्त कर चुके हैं।

पंचायत क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों, ईमानदार छवि और जनहित के प्रति समर्पण के कारण लोग उन्हें विकास महापुरुष के नाम से जानते हैं। उनकी जीत को क्षेत्र के विकास और जनविश्वास की जीत माना जा रहा है।

जीत के बाद अर्जुन सिंह कौंडल ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पहले की तरह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पंचायत के विकास तथा जनकल्याण के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिया गया यह जनादेश उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा