मंडी की नलसर पंचायत में 25 साल से बंद पड़ी सड़क हुई बहाल, 8 गांवों को होगा लाभ
मंडी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला की ग्राम पंचायत नलसर के अंतर्गत पिछले करीब 25 वर्षों से बंद पड़ी सड़क को आखिरकार ग्रामीणों को समर्पित कर दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिषद सदस्य डिंपल सैनी के प्रयासों से इस सड़क के बहाल होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस सड़क के खुलने से करीब 700 से 800 लोगों को लाभ मिलेगा, वहीं आसपास के 8 गांवों को श्मशान घाट तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
लंबे समय से सड़क बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क बहाल होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह क्षेत्र सब्जियों की खेती और उत्पादन के लिए भी जाना जाता है। यहां से बड़ी मात्रा में सब्जियों का कारोबार होता है। सड़क खुलने से किसानों और सब्जी उत्पादकों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनके समय और परिवहन की परेशानी कम हो सकती है।
सड़क बहाल होने पर गांववासियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिषद डिंपल सैनी का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से बंद पड़ी सड़क का दोबारा शुरू होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क बहाल होने से न केवल आवागमन बेहतर होगा, बल्कि किसानों, स्थानीय परिवारों और आसपास के गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा