मंडी में एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष जागरूकता और विक्रेता विकास कार्यक्रम सात अगस्त को

 

मंडी, 05 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय एमएसएमई के अंतर्गत राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, लुधियाना, हिमाचल प्रदेश स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान एवं इच्छुक एससी-एसटी उद्यमियों के लिए सात अगस्त, शुक्रवार को अमृत महोत्सव ऑडिटोरियम, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना, व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करना तथा एससी-एसटी समुदाय के सदस्यों के बीच कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है। यह पहल उद्यमियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता तंत्रों तथा व्यवसाय विकास रणनीतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार की गई है। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों तथा प्रशिक्षण संगठनों के विशेषज्ञ एवं प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे और उद्यमिता तथा विक्रेता विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।

प्रतिभागियों को जीईएम, बीबीएमबी, एफसीआई, एसजेवीएन, एनएफएल, एनएसआईसी तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र, आरसेटीआई, आईटीआई, आरबीआई, पीएनबी सहित एमएसएमई डीएफओ सोलन, डीआईसी मंडी, एचपीएससीएसटीडीसी आदि जैसे विभिन्न संगठनों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में व्यवसाय शुरू करने, उसका प्रबंधन करने तथा उसका विस्तार करने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में वर्तमान एवं इच्छुक एससी-एसटी उद्यमियों के भाग लेने की अपेक्षा है। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह कार्यक्रम स्वरोज़गार को बढ़ावा देने, उद्यमशीलता क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा