पांवटा साहिब में बस रोकने का मामला दर्ज, रूट पर जाने से रोका, अभियोग दर्ज

 

नाहन, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में सरकारी बस को रूट पर जाने से रोकने का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राजेन्द्र सिंह, अड्डा प्रभारी बस स्टैंड पांवटा साहिब ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि दिनांक 12 अप्रैल को दोपहर 2:46 बजे शिमला से शिलाई जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस संख्या HP18B-4506 को निजी बस संचालक माम राज शर्मा ने रोक दिया। आरोप है कि माम राज शर्मा ने बुकिंग क्लर्क सियाराम तथा बस के चालक-परिचालक के साथ बहस की और बस को अपने निर्धारित रूट पर जाने से रोक दिया, जिससे बस सेवा प्रभावित हुई। पुलिस ने इस सन्दर्भ में धारा 126(2), 221 BNS के अन्तर्गत अभियोग दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर