राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मु से की शिष्टाचार भेंट
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी दोनों शीर्ष नेताओं के साथ पहली औपचारिक मुलाकात रही।
प्रधानमंत्री के साथ बैठक के दौरान राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में चल रहे प्रमुख अभियानों नशा-मुक्त हिमाचल अभियान और टीबी-मुक्त हिमाचल अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश में सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और सामाजिक कल्याण को सुदृढ़ करना है।
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए कहा कि राज्य में किसानों और बागवानों को रसायन-मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने इस दिशा में और अधिक विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे प्रदेश में शून्य लागत, पर्यावरण-अनुकूल कृषि प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा, जो दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय वृद्धि में सहायक होगी।
कविन्द्र गुप्ता ने राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश में समग्र विकास, जनकल्याण और सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
इससे पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को प्रदेश की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने राज्यपाल को शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल प्रदेश के लोगों के विकास, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला