पौधरोपण अभियान मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प : राज्यपाल
सोलन, 09 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि पौधरोपण अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए किया गया दृढ़ संकल्पित सामूहिक प्रयास है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए मूल्यवान विरासत बनता है।
राज्यपाल रविवार को सोलन जिला के समलेच गांव में सभ्य री-फॉरेस्टर्स द्वारा आयोजित 11वें वार्षिक पौधरोपण अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेड़ जीवन का आधार हैं। ये हमें स्वच्छ वायु उपलब्ध करवाने के साथ जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल शुरुआत है, इसका वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सभ्यता में प्रकृति को सदैव पवित्र माना गया है और पर्यावरण संरक्षण देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में गहराई से निहित है। हिमाचल प्रदेश अपने घने वनों, हिमालयी पर्वतों, नदियों और समृद्ध जैव विविधता के कारण पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है।
जलवायु परिवर्तन के कारण अनियमित वर्षा, बादल फटने, भूस्खलन, ग्लेशियरों के सिकुड़ने और बढ़ते तापमान जैसी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और पारिस्थितिक क्षति को न्यूनतम करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने नागरिकों से वनीकरण, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण और एकल-उपयोग प्लास्टिक में कमी लाने जैसी पहलों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने स्कूलों, महाविद्यालयों, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, उद्योगों और स्वयंसेवी संगठनों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने अभियान के तहत आयोजित चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। स्कूली विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर आधारित लघु नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
विशेष अतिथि श्याम जाजू ने पिछले 11 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभ्य री-फॉरेस्टर्स द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पौधों के संरक्षण और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने के संगठन के संकल्प की भी प्रशंसा की।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा