राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मुंबई में लालबागचा राजा के किए दर्शन, महाराष्ट्र के राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

 


मुंबई, 17 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने वीरवार काे मुंबई में गणेशोत्सव के अवसर पर सुप्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और उनके परिजन भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने भगवान श्री गणेश से देश और प्रदेश में शांति, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गणेशोत्सव भारत की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व भक्ति, आस्था, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता जैसे शाश्वत मूल्यों को दर्शाता है तथा सामाजिक एवं क्षेत्रीय सीमाओं से परे लोगों को एकजुट कर आपसी एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि लालबागचा राजा श्रद्धालुओं के हृदय में विशेष स्थान रखते हैं और पिछले कई दशकों में यह मुंबई की गहरी आस्था तथा जीवंत जनभागीदारी का प्रतीक बनकर उभरा है। राज्यपाल ने गणेशोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को शुभकामनाएं दीं तथा भगवान श्री गणेश से देश में शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की।

इससे पूर्व राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और परिजनों के साथ मुंबई स्थित लोकभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यपालों ने पारस्परिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण विचार-विमर्श किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला