उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का सशक्त मॉडल बनकर उभरा : अनुराग सिंह ठाकुर
हमीरपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट कर विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को उत्तर प्रदेश सरकार ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के रूप में प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज डबल इंजन सरकार के सफल मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है, जहाँ निर्णायक नेतृत्व, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी नीतियों ने विकास को नई गति दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य आज सुरक्षित, समृद्ध, निवेश-अनुकूल और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति अत्यंत प्रभावशाली रही है। वर्ष 2016-17 में राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 13.30 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 30.25 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वर्ष 2025-26 में इसके 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। इस अवधि में राज्य की औसत वार्षिक विकास दर 10.8 प्रतिशत रही है। राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी भी 8.6 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 9.1 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य का बजट वर्ष 2017-18 के लगभग 3.85 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में रिकॉर्ड 9.12 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जिसमें 19.5 प्रतिशत राशि पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित की गई है। प्रति व्यक्ति आय भी वर्ष 2016-17 के 54,564 रुपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 1,09,844 रुपये हो गई है तथा वर्ष 2025-26 में इसके लगभग 1.20 लाख रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये आँकड़े उत्तर प्रदेश में नीति की स्थिरता, वित्तीय अनुशासन और विकासोन्मुखी शासन की सफलता को दर्शाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा