जेन जी आंदोलन के पीछे नैरेटिव गढ़ने की कोशिश, युवाओं को बाद में समझ आया इसका मकसद : देवदत्त जोशी
शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को नेतृत्व और परिवर्तन का माध्यम बनाकर राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने के प्रयास हो रहे हैं। जेन जी आंदोलन भी इसी तरह का एक प्रयास था। शुरुआत में बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़े, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि आंदोलन के नाम पर कुछ खास मुद्दों को एक दिशा देने की कोशिश की जा रही है। यह बात एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी ने वीरवार को शिमला में सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित संगोष्ठी में कही।
जोशी ने कहा कि वर्ष 2017 में किसान बिल को लेकर आंदोलन हुआ। इसके बाद सीएए-एनआरसी और संविधान बदलने को लेकर आंदोलन हुए। इसी क्रम में इस वर्ष जेन जी आंदोलन सामने आया। इसे युवाओं के नेतृत्व में परिवर्तन लाने वाले आंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि जेन जी आंदोलन एक ट्रिगरिंग पॉइंट की तरह था। संगठन ने इसका अध्ययन किया तो सामने आया कि इसके पीछे राजनीतिक प्रेरणा थी। युवा सभी मुद्दों पर इस आंदोलन के साथ नहीं थे। धीरे-धीरे उन्हें लगने लगा कि आंदोलन के नाम पर नैरेटिव गढ़े जा रहे हैं और कुछ लोग रील बनाने तक सीमित हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी का अध्यक्ष चुना गया। कर्नाटक और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनावों में भी संगठन को सफलता मिली। जोशी के अनुसार इन परिणामों से स्पष्ट हुआ कि युवा जेन जी आंदोलन के सभी विचारों से सहमत नहीं थे।
सोशल मीडिया से अफवाहें फैलाने का आरोप
देवदत्त जोशी ने हाल ही में पंजाब की एक निजी यूनिवर्सिटी में हुई तोड़फोड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि चैटिंग एप के जरिये अफवाहें फैलाने की बात सामने आई। छोटे-छोटे मुद्दों को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर आंदोलन खड़ा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे नव-साम्यवाद का नया मॉडल सामने लाने की कोशिश भी बताया। उन्होंने कहा कि एबीवीपी तीन स्तरों पर काम कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है। विश्वविद्यालय परिसरों में मुद्दों का तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा मीडिया के सामने भी सही जानकारी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत नौवीं कक्षा तक नया पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है। उच्च शिक्षा में अभी काफी काम बाकी है। इस विषय पर 21 और 22 नवंबर को हरियाणा में एबीवीपी की कार्यशाला होगी। नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन पिछले दो महीने से युवाओं को इन घटनाओं के प्रति जागरूक कर रहा है। इस वर्ष परिषद की सदस्यता 80 लाख तक पहुंची है।
26 वर्ष की आयु में सुनील उपाध्याय का निधन
जोशी ने कहा कि सुनील उपाध्याय जम्मू से हिमाचल आए थे और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विद्यार्थी के रूप में दाखिला लिया था। उस समय विश्वविद्यालय में वामपंथी संगठनों का प्रभाव था। ऐसे माहौल में उन्होंने विद्यार्थी परिषद को खड़ा करने का काम किया। मुंबई के अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हुआ। उस समय उनकी आयु महज 26 वर्ष थी।
उन्होंने महाराष्ट्र के कार्यकर्ता अनिकेत का उदाहरण देते हुए बताया कि 11 नवंबर 2020 को सड़क हादसे में उनका निधन हुआ था। उनके नाम से मुंबई में परिषद का काम किया जा रहा है। समिति की उपाध्यक्ष उनकी मां हैं। वह कहती हैं कि उनका एक बेटा चला गया, लेकिन परिषद के कई कार्यकर्ता उनके बेटों की तरह हैं।
2016 में स्थापित हुआ सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट
विद्यार्थी परिषद के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि सुनील उपाध्याय ने करीब 25 वर्ष का जीवन जिया और संगठन को ऊंचाई तक पहुंचाने में योगदान दिया। वह मनीषी कार्यकर्ता थे। वर्ष 2016 में सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट की स्थापना हुई। ट्रस्ट ने कोविड महामारी और आपदाओं के दौरान जनहित के कार्य किए।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं डीएलसी सुपवा, रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि सुनील उपाध्याय ने जम्मू से शिमला आकर कम आयु में विद्यार्थी परिषद को खड़ा करने में योगदान दिया। उनमें देशप्रेम की भावना थी। वह जो कहते थे, उसे करके दिखाते थे और अपने काम से कार्यकर्ताओं के सामने उदाहरण प्रस्तुत करते थे।
संगोष्ठी में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि डॉ. अमित आर्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा