पनारसा कालेज के छात्रों का एनबीटी बुक फेयर, जी.बी. पंत संस्थान एवं फ्लावर नर्सरी का शैक्षणिक भ्रमण

 


मंडी, 09 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय महाविद्यालय पनारसा के 25 विद्यार्थियों ने लायब्रेरी सोसायटी के छात्रों ने पुस्तकालय अध्यक्ष बिंदु के साथ एक शैक्षणिक एवं एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत कुल्लू के कला केंद्र में आयोजित एनबीटी बुक फेयर का भ्रमण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्सेम लता, डॉ. कविता कोटोच एवं प्रोफेसर सुरेश कुमार भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को सर्वप्रथम एनबीटी बुक फेयर का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्होंने विभिन्न विषयों एवं विधाओं की पुस्तकों का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुस्तक-पठन, स्व-अध्ययन तथा पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान के विस्तार के लिए प्रेरित किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालय पर्यावरण संस्थान, मोहल का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण महाविद्यालय एवं संस्थान के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत आयोजित किया गया। संस्थान के प्रमुख आर. के. सिंह ने विद्यार्थियों को संस्थान की स्थापना, उद्देश्यों, कार्यक्षेत्र एवं हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत करवाया। साथ ही गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, व्यक्तित्व एवं योगदान तथा संस्थान के देश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित केंद्रों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रोमा नर्सरी का एक्सपोजर विजिट रहा। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के फूलों एवं सजावटी पौधों की प्रजातियों से परिचित करवाया गया तथा यह बताया गया कि किस प्रकार बीज एवं पौधों से नई पौध तैयार की जाती है और उन्हें पॉलीबैग में विकसित एवं संरक्षित किया जाता है। विद्यार्थियों ने नर्सरी प्रबंधन, पौधों की देखभाल तथा उनके व्यावसायिक उत्पादन की प्रक्रिया को करीब से समझा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा