सिद्ध गणपति मंदिर मंडी में कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने की पूजा-अर्चना

 


मंडी, 18 सितंबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने शुक्रवार को सिद्ध गणपति मंदिर, मंडी में पूजा-अर्चना कर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर सिद्ध गणपति ट्रस्ट के प्रधान दीनानाथ सैनी ने ट्रस्ट की ओर से कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मुरारी लाल ने इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा का स्वागत किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कुलपति को मंदिर की धार्मिक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों तथा भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं से भी अवगत करवाया।

कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि भगवान गणेश का स्वरूप हमें अनेक महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों की प्रेरणा देता है। उनका विशाल मस्तक व्यापक चिंतन, बड़े कान ध्यानपूर्वक सुनने, छोटी आंखें एकाग्रता तथा उनका सरल एवं सहज स्वरूप विनम्रता और विवेक का संदेश देता है। गणपति पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुशासन, सद्बुद्धि और सकारात्मक जीवन-दृष्टि को अपनाने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि मण्डी अपनी समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परंपराओं के कारण भी विशिष्ट है। कुलपति ने कहा कि इन परंपराओं के संरक्षण तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि मण्डी की प्राचीन धरोहरों, मंदिरों और लोक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है।

कुलपति के साथ इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सिद्ध गणपति ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गुप्ता, अनिल शर्मा एवं मुरारी लाल शर्मा, महिला मंडल संघ की अध्यक्षा निशा सैनी, सदस्य निर्मला सैनी एवं कृष्णा सैनी सहित युवा मंडल के रमेश, वीरेंद्र सैनी, प्रवीण सैनी, राकेश सैनी, जितेंद्र, भारत, कमलू, मनीष सैनी, राजेश एवं रमेश सैनी तथा कैप्टन ज्ञानचंद सैनी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा नीरज शर्मा तथा ऑल इंडिया वूमेन कांफ्रेंस की इंदु शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा