माई भारत फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप: 35 युवा साथियों ने तैयार किया लीडरशिप एक्शन प्लान
मंडी, 05 अगस्त (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी डिजिटल पहल माई भारत के तत्वावधान में तीन दिवसीय फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप आयोजित किया गया। इस गहन क्षमता निर्माण शिविर में जिला मंडी के 35 चयनित युवा साथियों ने भाग लिया। इस बूटकैंप का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व, प्रभावी संचार, नीति निर्माण की समझ और सामुदायिक विकास की भावना पैदा करना है ताकि वे विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके। प्रशासनिक मार्गदर्शन एवं मानसिक सशक्तिकरण बूटकैंप के शुरुआती सत्र में सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने युवाओं को देश के निर्माण में शिक्षा और कौशल की भूमिका से अवगत कराया। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के डीन डॉ. सुनील ठाकुर ने युवाओं को सतत विकास और दूरगामी करियर प्लानिंग की बारीकियां सिखाईं। जबकि प्रशासनिक स्तर पर नीति क्रियान्वयन को समझाते हुए एसडीएम सदर चंद्र प्रकाश ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, सुशासन और प्रशासनिक दायित्वों के बारे में व्यावहारिक ज्ञान दिया।
वहीं पर ब्रम्हाकुमारी संस्थान की मधु दीदी ने सकारात्मक जीवन शैली, तनाव प्रबंधन और आंतरिक शक्ति को जागृत करने के सूत्र साझा किए। इसके अलावा करियर गाइडेंस, स्किलिंग और सांस्कृतिक गौरवबूटकैंप के दूसरे दिन का फोकस युवाओं की करियर रेडीनेस रहा। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद चौहान ने वर्तमान तकनीकी युग में रोजगार के उभरते अवसरों, कौशल विकास और इंटरव्यू की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए। वहीं पर युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने स्थानीय कला, समृद्ध संस्कृति और भाषाई इतिहास के संरक्षण पर प्रकाश डाला। इस पूरे सत्र को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में अरुण ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। समापन समारोह के दौरान सभी 35 युवा प्रतिभागियों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपना-अपना लीडरशिप एक्शन प्लान प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा