हिमाचल में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए पांच मोबाइल लैब, अब तक 1,579 नमूने लिए
शिमला, 10 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और लोगों को खाद्य मिलावट के प्रति जागरूक करने के लिए पांच मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी वैन संचालित की जा रही हैं। संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा)-सह-निदेशक, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन जितेंद्र सांजटा ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ये मोबाइल लैब वर्तमान में शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में काम कर रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन वैन के माध्यम से आम लोगों, खाद्य कारोबारियों और अन्य संबंधित लोगों को मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच की सुविधा दी जा रही है।
सांजटा ने बताया कि मोबाइल लैब में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई मानकों की जांच की जाती है। खाद्य तेल की जांच टीपीसी मीटर और एसिड वैल्यू के माध्यम से की जाती है। रिफ्रैक्टोमीटर से टीएसएस यानी कुल घुलनशील ठोस पदार्थ और शुगर की जांच होती है। इसके अलावा आयोडीन और स्टार्च की जांच तथा पानी की पीएच आधारित जांच भी की जाती है। इन जांचों के माध्यम से लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट के बारे में मौके पर जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल लैब की सुविधा से फील्ड स्तर पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और उनकी जांच में तेजी आई है। अब तक इन मोबाइल वैन के माध्यम से कुल 1,579 खाद्य नमूने एकत्र किए गए हैं। इनमें बिलासपुर से 486, कुल्लू से 62, सिरमौर से 511 और सोलन से 520 नमूने शामिल हैं।
सांजटा ने कहा कि बड़े स्तर पर की जा रही सैंपलिंग से प्रदेश में खाद्य सुरक्षा की निगरानी व्यवस्था मजबूत हो रही है। इससे लोगों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
उन्होंने आम जनता से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। विभाग का लक्ष्य ‘स्वस्थ हिमाचल के लिए सुरक्षित भोजन’ सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी वैन का जिला-वार रोस्टर और जांच शिविरों का कार्यक्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। लोग निर्धारित तिथि और स्थान की जानकारी लेकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। खाद्य सुरक्षा से संबंधित जानकारी या शिकायत के लिए एफएसएसएआई हेल्पलाइन नंबर 76499-00015 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा