जिला सिरमौर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोग घायल
नाहन, 07 सितंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला रेणुकाजी क्षेत्र का है जोकि हिट एंड रन का है। पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत संगडाह चौक पर बाइक की टक्कर में पति-पत्नी घायल हो गए। शिकायतकर्ता दीपक निवासी गांव रौंडी, डाक देवना, तहसील नौहराधार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 6 सितंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल नंबर HP79-4371 पर बड़ग से कालाआम्ब जा रहा था। दोपहर करीब 1 बजे जब वह संगडाह चौक रेणुका जी पर पहुंचा और ददाहू की तरफ मुड़ने लगा, तभी ददाहू की तरफ से एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार और गलत दिशा में आई और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से वह पत्नी सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरा मामला शिलाई क्षेत्र से है जहां एक गाड़ी खाई में गिरी है। पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत बगनल नामक स्थान पर पिकअप के खाई में गिरने से 3 लोग घायल हो गए। शिकायतकर्ता जय पाल निवासी गांव जवडोऊ, तहसील संगडाह ने बताया कि 5 सितंबर को वह ड्यूटी के लिए हाबन जा रहा था। रास्ते में उसे रोहित और मनोज मिले, जो देहा वलसन पिकअप नंबर HP71A-7323 में सेब ढुलाई के लिए जा रहे थे। तीनों गांव जवडोऊ से चले। जब वे बगनल पहुंचे तो चालक रोहित द्वारा ब्रेक न लगने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चली गई। हादसे में जय पाल, मनोज और चालक रोहित को काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अन्वेषण शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर