नाहन से सटे कोटड़ी गांव तक पहली बार पहुंची बस

 

नाहन, 06 मार्च (हि.स.)।

जिला मुख्यालय से सटी नाहन पंचायत के कोटड़ी गांव में शुक्रवार को पहली बार बस पहुंची। इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने जुड्डा के जोहड़ से कोटड़ी गाडा गांव तक 2.66 करोड़ रुपये की लागत से बनी 3.2 किलोमीटर सड़क पर खुद बस में सफर कर सड़क पासिंग का शुभारंभ किया। गांव में बस पहुंचते ही ग्रामीणों ने लड्डू बांटकर खुशी जताई।

ग्रामीणों ने बताया कि इस गांव को वर्षों से सड़क सुविधा का इंतजार था। स्थानीय निवासी राम निवास और बच्चन सिंह ने कहा कि अब तक यहां जो भी नेता और विधायक आए, उन्होंने केवल राजनीति ही की, लेकिन नाहन के रहने वाले विधायक अजय सोलंकी ने क्षेत्र की समस्या को समझते हुए गांव तक सड़क पहुंचाने का काम किया है।

विधायक अजय सोलंकी ने ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिलहाल सड़क को बस योग्य बनाकर स्वीकृति दे दी गई है और 8 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसके औपचारिक उद्घाटन के लिए नाहन पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के नौ सहित कुल 17 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नाहन पंचायत से गुजरने वाले वैकल्पिक बाईपास बनोग- धारक्यारी- कांशीवाला मार्ग को भी 12.30 करोड़ रुपये की लागत से करीब नौ किलोमीटर तक पक्का करने का कार्य प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों होगा। इसके अलावा कोटड़ी गाडा गांव के लिए 40 हजार लीटर क्षमता का जल भंडारण टैंक भी स्वीकृत किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर