हमीरपुर जिला परिषद की पहली त्रैमासिक बैठक आयाेजित

 


हमीरपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। नवगठित जिला परिषद की पहली त्रैमासिक बैठक सोमवार को अनीता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में परिषद के विभिन्न सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों एवं प्रश्नों पर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई। इसके अलावा वीबी-जीरामजी योजना के शैल्फों और परिषद की आय-व्यय को लेकर पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में नए सदस्यों ने मुख्यतः मूलभूत सुविधाओं जैसे-सड़क, पेयजल और परिवहन इत्यादि से संबंधित समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली।

इस अवसर पर अध्यक्ष अनीता शर्मा ने कहा कि जिला परिषद के सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं। इसलिए, संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर इनका समाधान सुनिश्चित करें।

एडीसी एवं परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिषद के सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करें। बैठक का संचालन जिला परिषद की सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने किया। इस अवसर पर परिषद के सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा