नाहन-पांवटा हाईवे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
नाहन, 01 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में नाहन-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक चलती ट्रक में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना दोसड़का (पांवटा रोड) के पास हुई, जहां आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक का एक हिस्सा पूरी तरह जल गया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन केंद्र नाहन के अनुसार, सुबह करीब 5 बजकर 35 मिनट पर अहमद खान नामक व्यक्ति ने ट्रक में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम महज एक मिनट के भीतर मौके के लिए रवाना हो गई और करीब छह मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक (नंबर जेके 14ई 1681) कालाअंब स्थित एक पेपर मिल से कोयले की राख लेकर पांवटा साहिब की एक सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रहा था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ट्रक जम्मू के ऊधमपुर की एक कंपनी का बताया जा रहा है।
इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रक का लकड़ी से बना केबिन, एक टायर और इंजन की वायरिंग पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। हालांकि दमकल टीम की मुस्तैदी से करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। इसमें ट्रक की मुख्य बॉडी, इंजन, उसमें लदा सामान और आसपास रखे एलपीजी सिलेंडर शामिल हैं, जो अगर आग की चपेट में आ जाते तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।
दमकल कर्मियों ने करीब 57 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस अभियान में चार सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया, जिसका नेतृत्व शिफ्ट प्रभारी कर रहे थे। मौके पर पुलिस की टीम भी पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर