सिरमौर के जमटा जंगलों में आग का कहर, कई हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित

 

नाहन, 25 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले में बढ़ती गर्मी के बीच जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। वन मंडल नाहन की जमटा रेंज में लगी आग ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे नावणी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे धारटीधार क्षेत्र के सतना खाले में आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैलते हुए करीब 70 से 80 हेक्टेयर जंगल तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह का बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन वन क्षेत्र को काफी क्षति पहुंची है।

शाम होते-होते आग नावणी के जंगलों से आगे बढ़कर रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी, जिससे स्थानीय लोगों में डर फैल गया। नावणी क्षेत्र में कई परिवार रहते हैं और आसपास के गांवों में भी आग फैलने का खतरा बना हुआ था। लोगों ने पूरी रात जागकर हालात पर नजर रखी और खुद भी आग को घरों की तरफ बढ़ने से रोकने में जुटे रहे।

वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद शनिवार तड़के करीब चार बजे आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, कुछ समय बाद जंगल के कुछ हिस्सों में फिर से सुलगने की खबर सामने आई है, जिससे खतरा पूरी तरह टला नहीं है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह आग मुख्य रूप से जमीन पर फैलने वाली आग थी, जिससे बड़े पेड़ों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ, लेकिन झाड़ियां और पौधारोपण क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाके में दाड़ू, कचनार और शीशम जैसे पौधे लगाए गए थे, जो आग की चपेट में आ गए।

वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रेम सिंह कंवर ने बताया कि जमटा क्षेत्र में चीड़ के जंगल अधिक होने के कारण यह इलाका बेहद संवेदनशील है और यहां आग तेजी से फैलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगलों में आग लगाने या लापरवाही करने से बचें, क्योंकि छोटी सी चूक भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।

प्रशासन का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं। स्थानीय लोगों और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली है, लेकिन गर्मी के मौसम में ऐसे खतरे आगे भी बने रह सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर