घर में लगी आग, मामला दर्ज

 

नाहन, 23 जून (हि.स.)।पुलिस थाना काला आम्ब के तहत एक घर में आग लगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रणवीर सिंह पुत्र राजा राम निवासी गांव भूड्डियो, डाकघर त्रिलोकपुर, तहसील नाहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता रणवीर सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई जसवीर मानसिक बीमारी से ग्रस्त है और गांव में अलग मकान में अकेला रहता है। उसकी पत्नी और बच्चे कई वर्षों से उसे छोड़कर जा चुके हैं, जिसके कारण उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई है।

घटना की बीती रात करीब 12:30 बजे परिवार और ग्रामीणों ने जसवीर के मकान की ऊपरी मंजिल से आग और धुआं निकलते देखा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक अज्ञात व्यक्ति सीढ़ियों के रास्ते मकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। आरोप है कि उस व्यक्ति ने एक कमरे में रखे बिस्तर और कपड़ों में आग लगाकर वहां से फरार हो गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर