शिमला में बाइक कंपनी का शोरूम जलकर खाक, कार समेत कई वाहन राख

 




शिमला, 13 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के कच्ची घाटी इलाके में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कालका-शिमला नेशनल हाईवे के किनारे स्थित एक नामी बाइक निर्माता कंपनी हीरो-होंडा के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा शोरूम धुएं और आग की लपटों से घिर गया। हादसे में एक कार, कई बाइकें और स्कूटियां जलकर राख हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारी बाहर निकल आए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार यह शोरूम पांच मंजिला भवन के चौथे फ्लोर में स्थित था। शोरूम के साथ ही कंपनी की वर्कशॉप भी चल रही थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही शोरूम में मौजूद कर्मचारियों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे से गुजर रहे लोग भी आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर रुक गए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बालूगंज, मॉल रोड और छोटा शिमला अग्निशमन केंद्रों से पांच फायर टेंडर आग बुझाने के लिए भेजे गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा रही और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

अग्निशमन केंद्र बालूगंज के प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि शुरुआती आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और अधिक हो सकता था। अग्निशमन विभाग की टीमों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचाने में सफलता हासिल की।

गोपाल दास के अनुसार आग में 15 बाइकें और 11 स्कूटियां पूरी तरह जल गईं। इनमें रिपेयर के लिए आई तीन बाइकें और तीन स्कूटियां भी शामिल थीं। इसके अलावा शोरूम संचालक की करीब 18 लाख रुपये कीमत की कार भी आग की चपेट में आ गई। यह कार शोरूम के बाहर खड़ी थी। आग से कंपनी की स्पेयर पार्ट्स की दुकान को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शोरूम के साथ बनी वर्कशॉप में तेल का स्टोर था। आशंका जताई जा रही है कि आग वहीं से भड़की और तेजी से पूरे शोरूम में फैल गई। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उधर बालूगंज पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा