आईआईटी मंडी में अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान सम्मेलन एफएआरसी-2026 का समापन

 


मंडी, 13 जून (हि.स.)। भारत के अग्रणी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में से एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी मंडी में फंडामेंटल एंड एडवांस्ड रिसर्च इन केमिस्ट्री एफएआरसी-2026 नामक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। सम्मेलन ने शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और उद्योग विशेषज्ञों को विचारों के आदान-प्रदान, नवाचारों की प्रस्तुति तथा उभरते रासायनिक विज्ञान क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान किया। विगत वर्षों में रसायन विज्ञान अनुसंधान में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसने वैज्ञानिक उन्नति और समाज के सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए एफएआरसी-2026 में रासायनिक विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, स्पेक्ट्रोस्कोपी, माइक्रोस्कोपी और इमेजिंग जैसे क्षेत्रों में मूलभूत एवं अनुप्रयुक्त रसायन विज्ञान के नवीनतम शोध कार्यों पर चर्चा की गई।

सम्मेलन में विभिन्न देशों से आए प्रतिभागियों ने उन्नत रसायन विज्ञान के क्षेत्रों में ज्ञान साझा किया तथा वैज्ञानिक नवाचारों के माध्यम से मानव जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में सामूहिक योगदान दिया। सम्मेलन का आयोजन आईआईटी मंडी की स्थानीय आयोजन समिति के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा, प्रो. सुब्रत घोष, प्रो. चयान के. नंदी, डॉ. गरिमा अग्रवाल, डॉ. मौप्रिय दास, डॉ. नारायण सिन्हा और डॉ. अभिमन्यु धीर शामिल थे।

इस दौरान एफएआरसी-2026 के अध्यक्ष प्रो. चयान के. नंदी ने कहा कि लगभग 300 प्रतिभागियों और 40 प्रतिष्ठित वक्ताओं, जिनमें 9 अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वक्ता शामिल थे, की सहभागिता के साथ इस भव्य आयोजन का सपना आज साकार हुआ है। इन सभी की उपस्थिति ने सम्मेलन को अत्यंत सफल बनाया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में इतने बड़े सम्मेलन का आयोजन एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इसे सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उन्होंने स्कूल ऑफ केमिकल साइंसेज के सभी संकाय सदस्यों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्थन के बिना यह संभव नहीं था।

प्रो. नंदी ने आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा तथा स्कूल ऑफ केमिकल साइंसेज के अध्यक्ष प्रो. सुब्रत घोष का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह द्विवार्षिक सम्मेलन अगली बार वर्ष 2028 में आयोजित किया जाएगा। एफएआरसी-2026 में विश्वस्तरीय वैज्ञानिकों की भागीदारी रही तथा 140 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले पोस्टर प्रस्तुत किए गए। प्रमुख प्रतिभागियों में प्रो. संजीत कोनार आईआईएसईआर भोपाल, डॉ. तोमोहिरो ओगावा (क्यूशू यूनिवर्सिटी, जापान), प्रो. स्वपन पति जेएनसीएएसआर, बेंगलुरु, डॉ. राल्फ आइखोर्न नॉर्डिक इंस्टीट्यूट फॉर थियोरेटिकल फिजिक्स, स्वीडन), प्रो. स्टेनली बॉटचवे यूनाइटेड किंगडम), प्रो. अनिंद्य दत्ता निदेशक,आईएनएसटी मोहाली, प्रो. हितेश हांडा यूनिवर्सिटी ऑफ जॉर्जिया, अमेरिका), प्रो. सुबी जॉर्ज जेएनसीएएसआर, बेंगलुरु, प्रो. विजय पी. त्रिपाठी आईआईटी दिल्ली तथा प्रो. देवप्रतिम दास (आईआईटी गुवाहाटी) सहित अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा