मंडी शहर के भगवाहन मोहल्ला में पर्स की दुकान में भड़की आग, लाखों का नुक्सान
मंडी, 07 अप्रैल (हि.स.)। मंडी शहर के भगवान मोहल्ला में अचानक आग भड़क उठी, जिसमें लाखों रूपए का नुक्सान होने का अनुमान है। गनीमत ये रही कि यह आग मंगलवार सुबह के समय लगी, जिससे घनी आबादी वाले इस मोहल्ले में आग साथ लगते घरों में नहीं फैली और न ही किसी प्रकार का कोई जानी नुक्सान हुआ है। इस आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था। लेकिन अग्निशमन दमकल वाहन समय पर घटना स्थल पर नहीं पहुंच पाया।
चौहटा बाजार से पोस्टआफिस रोड़ में बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। जैसे-तैसे कर फायर ब्रिगेड को घटना स्थल पर पहुंचाया गया। लेकिन आग की लपटें भड़क उठी थी, जिसमें दुकान में रखा सारा सामान जल कर खाक हो गया। हालांकि, स्थानीय वासियों ने आग को दूसरे घरों की ओर बए़ने से रोक दिया और बाद मे फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
घटना स्थल पर नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासिचव दीपक शर्मा, पार्षद यशकांत कश्यप समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि शहर में सख्त पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए । जिससे आपातकालीन वाहनों के लिए स्पष्ट मार्ग सुनिश्चित किया जाए और अग्नि सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की जाए। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनकी पार्किंग किसी भी आपातकालीन सेवा में बाधा न बने।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा