पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा में लेखक की मदद के इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थी 12 तक करें आवेदन

 

हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस माह के आखिरी हफ्ते और अगले महीने के पहले हफ्ते के दौरान होने जा रही पटवारी और पंचायत सचिव की भर्ती परीक्षाओं में अगर कोई दिव्यांग अभ्यर्थी, गर्भवती महिला अभ्यर्थी या अन्य चिकित्सा संबंधी समस्याओं से पीड़ित उम्मीदवार या अन्य अपरिहार्य कारणों वाले उम्मीदवार, जो चिकित्सा आधार पर लेखक की सुविधा चाहते हैं या परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा की तिथि में प्राथमिकता प्राप्त करना चाहते हैं तो वे अपने आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 12 नवंबर से पहले आयोग को प्रस्तुत करें।

डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि ये आवेदन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होने चाहिए। ये संशोधित दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं। आवेदन में उम्मीदवार का नाम, उम्मीदवार का आवेदन आईडी, परीक्षा का नाम, जिले का चयन, ईमेल आईडी आदि का स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त कोई भी अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

असिस्टेंट स्टाफ नर्स की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए मिल सकता है विकल्प

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि आयोग द्वारा 6 से 19 नवंबर तक आयोजित की जा रही असिस्टेंट स्टाफ नर्स पोस्ट कोड-26044 की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया की तिथि के दिन अगर किसी अभ्यर्थी की कोई अन्य परीक्षा भी है या अन्य किसी अपरिहार्य कारण से वह निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में उपस्थित नहीं हो सकती है तो वह अभ्यर्थी 6, 10, 12 और 19 नवंबर में से किसी एक तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में भाग ले सकती है।

सचिव ने बताया कि अभ्यर्थी को इन तिथियों के अलावा किसी अन्य तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का अवसर नहीं दिया जाएगा।

पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा की तिथियां घोषित

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पटवारी पोस्ट कोड-25027 और पंचायत सचिव पोस्ट कोड-26005 की भर्ती के लिए टैबलेट आधारित परीक्षा (टीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पटवारी की परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक और पंचायत सचिव की परीक्षा 4 दिसंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला