मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर धूमल, अनुराग ठाकुर ने जताया शोक

 

हमीरपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मेजर मनकोटिया का निधन हिमाचल प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सैन्य सेवा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डिफेंस अकादमी का सर्वोच्च सम्मान ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ प्राप्त किया था। सैन्य सेवा के बाद उन्होंने हिमाचल की राजनीति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और कांगड़ा क्षेत्र के जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से उठाया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी मेजर मनकोटिया के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मेजर मनकोटिया ने सैन्य सेवा के साथ राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में भी विशिष्ट योगदान दिया। वे हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री रहे और कांगड़ा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल व आशीष शर्मा तथा पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान और राजेंद्र राणा ने भी शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा