मंडी कॉलेज के निर्माणाधीन भवन को साढ़े 6 करोड़ की और दरकार: अनिल शर्मा
मंडी, 26 नवंबर (हि.स.)। आधुनिक स्टील स्ट्रचर से तैयार किए जा रहे वल्लभ राजकीय महाविद्यायल मंडी के निर्माणाधीन भवन को पूरा करने के लिए साढ़े छह करोड़ अतिरिक्त बजट की दरकार है। पूर्व मंत्री व सदर विधायक अनिल शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भवन के शेष निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग की है।
वीरवार को विधायक अनिल शर्मा निर्माणाधीन भवन के कार्य का जायजा लेने पहुंचे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आवश्यक बजट की जरूरत पर चर्चा की। अनिल शर्मा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में इस भवन की आधारशिला रखी गई थी। उस समय भवन के निर्माण पर करीब 26 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन दो बार डीपीआर रिवाइज होने के बाद पिछले पांच वर्षों में निर्माण कार्य पर अब तक करीब 20 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट खर्च हो चुका है। इसके बावजूद भवन का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि भवन को पूरी तरह तैयार करने के लिए करीब साढ़े छह करोड़ रुपए और चाहिए।
इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बजट उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आश्वासन दिया है। अब कुल मिलाकर करीब 54 करोड़ की लागत से यह भवन बनकर तैयार होगा।
अनिल शर्मा ने बताया कि आगामी वर्ष होने वाली शिवरात्रि से पहले शेष बचे कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, इसके साथ ही दोनो भवनों के बीच में इसी बजट से काम्पलैक्स का कार्य भी पूरा कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा