पूर्व मंत्री राजा विजेंद्र सिंह का निधन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक
शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री राजा विजेंद्र सिंह का बुधवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा विजेंद्र सिंह का प्रदेश के विकास, विशेषकर सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों को प्रदेशवासी लंबे समय तक याद रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना भी की।
राजा विजेंद्र सिंह हिमाचल प्रदेश की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा रहे। वह वर्ष 1977, 1982, 1985, 1990 और 1993 में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उन्होंने मई 1982 से अप्रैल 1983 तक मुख्य संसदीय सचिव के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वर्ष 1983-84 और 1988-89 के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के पद पर भी कार्य किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा