रोहड़ू में जिला परिषद और नगर परिषद चुनाव के लिए 46 उम्मीदवार मैदान में

 


शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिमला जिले के रोहड़ू में जिला परिषद और नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। जिला परिषद चुनाव में कुल 24 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव में 22 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि जिला परिषद वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 14 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। वार्ड नंबर 7 खशधार से प्रेम राज, सूरज सिंह और रमेश कुमार ने नामांकन भरा। वार्ड नंबर 9 टिक्कर से रमन, अनुपम, ललित कुमार और भरत सिंह कलांटा मैदान में उतरे हैं। वार्ड नंबर 8 भलून से शकुंतला, मिनता, सुषमा और रीना ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड नंबर 5 सीमा रणटाड़ी से राकेश कुमार, सुरेंद्र रेटका और अमनदीप ने पर्चा भरा।

उन्होंने बताया कि पूरे नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद चुनाव के लिए कुल 24 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए हैं। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।

वहीं नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव में किसी भी उम्मीदवार ने आज अपना नामांकन वापस नहीं लिया है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रोहड़ू डीएन शर्मा ने बताया कि नगर परिषद के नौ वार्डों से कुल 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 दशालनी से चार उम्मीदवार, वार्ड नंबर 2 अपर बाजार से दो, वार्ड नंबर 3 मुख्य बाजार से दो, वार्ड नंबर 4 सेरी एवं समाला से दो, वार्ड नंबर 5 बस स्टैंड क्षेत्र से दो, वार्ड नंबर 6 ब्लॉक क्षेत्र से दो और वार्ड नंबर 7 कोर्ट रोड क्षेत्र से दो उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं वार्ड नंबर 8 बावटीनाला और वार्ड नंबर 9 शक्तिनगर से तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा