भाजपा की नाहन नगर परिषद चुनाव तारीख जल्द घोषित करने की मांग
नाहन, 12 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में 17 मई को नगर परिषद के लिए चुनाव हुए थे।इसमें 13 सदस्यों वाली परिषद में 7 पर भाजपा और 6 पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए हैं। कुछ दिन पूर्व सभी को शपथ भी दिलाई जा चुकी है। लेकिन अभी तक नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हुआ है।
इसी विषय को लेकर शुक्रवार को भाजपा समर्थित पार्षद उपायुक्त सिरमौर से मिले और जल्द इन पदों के चुनाव हेतु जल्द तारीख तय करने की माँग की है।
पार्षद संजय कुमार ने बताया कि नजर परिषद में अभी तक अध्यक्ष/उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए तिथि निर्धारित नहीं की गई है जबकि राजगढ़ में चुनाव हो चुके हैं और पोंटा में होने वाले है। ऐसे में जल्द नाहन नगर परिषद के लिए भी तिथि निर्धारण किया जाना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जोड़ तोड़ की कार्यवाही के चलते तिथि निर्धारित नहीं हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर