सुजानपुर और भोटा में थम गया चुनाव प्रचार, मतदान 17 को

 

हमीरपुर, 15 मई (हि.स.)। नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में शुक्रवार को 3 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि अब इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई सायं 3 बजे तक किसी भी तरह की चुनावी जनसभा, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टीवी-सिनेमा शो और सार्वजनिक बैठकों इत्यादि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने बताया कि इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना आरंभ कर दी जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद सुजानपुर के 9 वार्डों में कुल 5804 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

उधर, नगर पंचायत भोटा के 7 वार्डों में 1162 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान में भाग लेने तथा इस प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

-0-

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा