भाजपा की बागियों पर कार्रवाई, धर्मशाला और नाहन के छह कार्यकर्ताओं की सदस्यता निलंबित

 


शिमला, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी की अनुशासन समिति ने विभिन्न जिलों और मंडलों से मिली शिकायतों पर विचार करने के बाद इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की सिफारिश पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम धर्मशाला और नगर परिषद नाहन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।

पार्टी के अनुसार नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर 2 से पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया, वार्ड नंबर 6 से पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर, वार्ड नंबर 8 से धर्मशाला शहरी मंडल की मंडल सचिव सरोज गुलेरिया, वार्ड नंबर 14 से बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला और वार्ड नंबर 1 से महिला मोर्चा धर्मशाला शहरी मंडल की सचिव हिमांशी अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 3 से लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित की गई है।

भाजपा ने कहा है कि पार्टी संगठन और अनुशासन सर्वाेपरि है तथा अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठनात्मक मर्यादा तथा अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने और आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील भी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा